रोहतक। खोखराकोट इलाके में छापा मारकर पुलिस ने एक महिला को ढाई लाख की 265 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। अब उससे पुलिस पूछताछ कर रही है कि यह माल कहां से लेकर आई। पिछले तीन माह में अवैध धंधों के 353 मामले दर्ज हो चुके हैं। इसमें 49 नशीले पदार्थ की तस्करी के हैं। पुलिस के मुताबिक गश्त के दौरान सूचना मिली कि खोखराकोट निवासी महिला निर्मला नशीला पदार्थ बेचने की फिराक में माता दरवाजा रोड के पास खड़ी है। पुलिस ने दबिश देकर तलाशी ली तो उसके पास 265 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। उधर, पुलिस पिछले तीन माह में नशा तस्करी, अवैध हथियार व सट्टेबाजी के 353 आरोपियों को काबू कर चुकी है। नशा तस्करी के 49 आरोपियों से चार किलो 44 ग्राम चरस, छह किलो 13 ग्राम गांजा, एक किलो 39 ग्राम 725 मिलीग्राम हैरोइन, प्रतिबंधित 20 बोतल विनरेक्स, 25 इंजेक्शन, 200 बोतल टस्कलिस व 624 कैप्सूल बरामद हुए। साथ ही आर्म्स एक्ट के 43 केस दर्ज कर 46 आरोपियों को काबू किया। आरोपियों से 40 देसी पिस्तौल, दो रिवाल्वर, दो चाकू व 25 कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा आबकारी अधिनियम के तहत 193 मामले दर्ज कर 218 को काबू किया है। वहीं सट्टेबाजी के 40 आरोपियों को गिरफ्तार कर 53 हजार 770 रुपये बरामद किए गए हैं।