माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। लोकसभा चुनाव में रोहतक से 27 प्रत्याशी मैदान में हैं। वीरवार को दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी होगी। अगर प्रत्याशी 15 से ज्यादा रहे तो एक बूथ पर तीन ईवीएम लगेंगी, जिसका बुधवार को एक्सपर्ट ने तीन ईवीएम संचालन का मतदान पार्टियों के पीओ व एपीओ को प्रशिक्षण दिया।
रिटर्निंग अधिकारी अजय कुमार ने कहा है कि रोहतक लोकसभा सीट पर छठे चरण में 25 मई को मतदान होगा। नामांकन हो चुके हैं। अब उम्मीदवार 9 मई को दोपहर बाद 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र वापस ले सकते हैं। जांच में 27 उम्मीदवारों के 32 नामांकन पत्र सही पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिले की चारों विधानसभाओं के लिए गठित 1059 मतदान पार्टियों के पीठासीन अधिकारियों व वैकल्पिक पीठासीन अधिकारियों को मंगलवार को तीन ईवीएम संचालन का प्रशिक्षण दिया गया है।
प्रशिक्षण के दौरान एक्सपर्ट ने फाॅर्म 17-सी, पीठासीन अधिकारी डायरी, पीठासीन अधिकारी घोषणा और पीठासीन अधिकारी रिपोर्ट, चुनाव प्रक्रिया के तहत राजनीतिक एजेंट, मॉक पोल व वास्तविक पोल को लेकर जानकारी दी। मास्टर ट्रेनर्स ने प्रशिक्षकों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की हैंड ऑन ट्रेनिंग दी।