रोहतक। जिले के गांव सांघी के युवक से ओटीपी पूछकर साइबर ठगों ने खाते से 60 हजार रुपये निकाल लिए। परेशान युवक सतेंद्र ने इस संबंध में सदर थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित ने दी शिकायत में बताया कि वह मोबीक्विक एप का कस्टमर केयर नंबर गूगल पर सर्च कर रहा था। उसने जो नंबर मिला, उस पर कॉल की। पूछा कि मुझे 15 अक्तूबर को जो कैश बैक मिलता था, वह नहीं मिला। युवक बोला, आपको दोबारा कॉल करता हूं। थोड़ी देर बाद एक अन्य नंबर से कॉल आई। आरोपी बोला, आपके अकाउंट की जांच पड़ताल करनी पड़ेगी। इसके लिए एक ओटीपी भेजा है, जिसे बताएं। उसने विश्वास करके ओटीपी बता दिया। बात करते-करते आरोपी ने उसके खाते से 50 हजार से ज्यादा पैसे ट्रांसफर कर लिए। थोड़ी देर बाद 8 हजार रुपये और निकल गए। आरोपी ने कुल 60 हजार रुपये ठगे हैं। ब्यूरो