सावन माह के पहले दिन सरकुलर रोड स्थित शिव मंदिर में जलाभिषेक करते श्रद्धालु। अमर उजाला
- फोटो : RohtakCity
रोहतक। सावन माह के पहले ही दिन इंद्रदेव ने अपनी कृपा बरसा कर मौसम को सुहावना बना दिया। उमड़ घुमड़ कर आए काले घने बादलों ने अच्छी बारिश भले न की हो, मगर फुहारें जरूर बरसाई। यही नहीं, सावन माह के पहले दिन शिवालयों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। बाबा बालकपुरी डेरे में शिवलिंग का दुग्धाभिषेक किया गया।
भगवान शिव की आराधना व पूजा-अर्चना का सावन माह का वीरवार को पहला दिन रहा। सावन माह के शुभारंभ पर इंद्रदेव ने भी बारिश की फुहारों के रूप में अपनी कृपा बरसाई। मंदिरों में शिवभक्तों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। इसके चलते शिवालयों में श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रही।
बाबा बालकपुरी डेरे के संचालक महामंडलेश्वर कर्णपुरी ने कहा कि भगवान भोलेनाथ को श्रावण मास अति प्रिय है। इस दिव्य एवं पवित्र मास में रोजाना रुद्रयज्ञ के तहत उनका रुद्राभिषेक किया जाएगा। वीरवार को श्रावण कृष्ण पक्ष प्रतिपदा को प्रथम पावन दिवस पर रुद्राभिषेक में अनेक श्रद्धालु शामिल हुए। यह प्रक्रिया पूरे श्रावण मास जारी रहेगी।