रोहतक। शहर के कच्चा चमारिया रोड पर तीन नकाबपोश युवकों ने घर में घुसकर एक युवक को गोली मार दी, जबकि उसकी पत्नी ने तीसरी मंजिल पर छिपकर जान बचाई। महिला ने दो साल तक सहमति संबंध (लिव इन रिलेशनशिप) में रहने के बाद 10 माह पहले युवक के साथ आर्य समाज मंदिर में शादी की थी। सिटी थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वारदात के पीछे पुराने संबंधों को लेकर खींचतान सामने आ रही है।
पुलिस के मुताबिक कच्चा चमारिया रोड निवासी चांद ने दी शिकायत में बताया कि मंगलवार की रात करीब दो बजे वह अपनी पत्नी रीना उर्फ चाहत के साथ घर में सो रहा था। किसी ने घर का मुख्य दरवाजा खटखटाया। आवाज सुनकर वह नीचे आया। दरवाजा खोलते ही दो नकाबपोश युवक अंदर दाखिल हुए। जबकि तीसरा बाइक पर हेलमेट लगाकर खड़ा रहा। एक युवक ने उसके मुंह पर थप्पड़ा मारा, बोला क्यों हमारी परिचित महिला को परेशान कर रखा है। जब रसोई के नजदीक गया तो युवक ने पिस्तौल निकाल कर उस पर गोली चला दी। गोली उसके बाएं हाथ में लगी। उसने घर में घुसकर जान बचाई। उसकी पत्नी रीना आई तो युवक ने उस पर भी गोली चला दी, लेकिन वह बाल-बाल बची। इसके बाद तीनों युवक धमकी देकर मौके से फरार हो गए। उसकी पत्नी ने उसे पीजीआई में दाखिल कराया। पीजीआई से छुट्टी मिलने के बाद वह घर आया, जहां सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद छानबीन करके अज्ञात युवकों के खिलाफ घर में घुसकर हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया।
.........
रीना बोली, महिला नहीं चाहती की मैं चांद के साथ रहूं
पुलिस के मुताबिक जांच पड़ताल के दौरान रीना ने बताया कि चांद को एक महिला पहले से जानती है। तीन साल पहले रीना का पति से तलाक हो गया। वह दो साल चांद के साथ सहमति संबंध में रही। जबकि 10 माह पहले उसने आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। दूसरी महिला नहीं चाहती कि वह चांद के साथ रहे। इस कारण ही रात को चांद व उसके ऊपर फायरिंग कराई है।
वर्जन-
पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। जांच में पता चला है कि घायल युवक चांद और आरोपी महिला एक-दूसरे को जानते थे। अब चांद पर हमले के मामले में उसी महिला का नाम आ रहा है। जल्द आरोपियों को काबू कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
- इंस्पेक्टर देसराज, प्रभारी सिटी थाना