रोहतक। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अब संयुक्त आंदोलन करने के मूड में हैं।
22 नवंबर को दोपहर 12 बजे यूनियन ने हरियाणा प्रदेश में कार्यरत सभी आंगनबाड़ी यूनियनों की बस अड्डे के सामने हुडा सिटी पार्क में बैठक बुलाई गई है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका यूनियन हरियाणा की महासचिव पुष्पा दलाल ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक में सभी यूनियनों को आमंत्रित किया गया है ताकि हरियाणा प्रदेश में आपस में तालमेल बनाकर एक संयुक्त आंदोलन की संभावनाओं को विकसित किया जा सके। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहायिकाओं की समस्याओं और मांगों की हरियाणा सरकार की ओर से लगातार अनदेखी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कुछ घोषणाएं करके जो वाहवाही लेने की कोशिश की है, उसमें हमारी समस्याओं व मांगों को छुआ तक नहीं गया। यह घोषणा एकतरफा और अपर्याप्त हैं। घोषणा से पहले मुख्यमंत्री को सभी यूनियनों को बुलाकर बातचीत करनी चाहिए थी।