कांग्रेस भवन में अपने विचार रखते विधायक भारत भूषण बतरा।
- फोटो : RohtakCity
हरियाणा कांग्रेस विधायक दल के चीफ विहिप एवं विधायक भारत भूषण बतरा ने कहा कि शहर में हुए सबसे बड़े घोटाले पर विधानसभा में सीधा मुख्यमंत्री से जवाब मांगा जाएगा। भिवानी स्टैंड पार्किंग मामले में विधानसभा में सीएम ने जवाब देते हुए जांच करवाने की बात कही थी, लेकिन अब तक इस मामले में क्या हुआ उनसे पूछा जाएगा।
यह बात विधायक बतरा ने रविवार को कांग्रेस भवन में कही। वह पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों पर पार्टी की ओर से प्रस्तावित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के साथ एकत्रित हुए थे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व मंत्री के इशारे पर भिवानी स्टैंड पार्किंग का सबसे बड़ा घोटाला उन्होंने हरियाणा विधानसभा में उठाया और इस मामले में सीएम ने जांच की बात भी कही थी। बजट सत्र में सबसे पहले उनसे यही पूछा जाएगा कि वह जांच क्यों नहीं हुई। शहर के दोनों बड़े घोटाले पूर्व मंत्री के संरक्षण में हुए, सरकार की करोड़ों रुपये की जमीन कौड़ियों के भाव पर 99 साल की लीज पर दे दी गई। दोनों मामलों की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। गठबंधन सरकार ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है और प्रदेश में कानून व्यवस्था बेहाल है। शांति पूर्वक चल रहे किसान आंदोलन को आज समाज के हर वर्ग का समर्थन प्राप्त है, लेकिन सरकार हठधर्मिता छोड़ने को तैयार नहीं है। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के निर्देशों पर सभी शहीद किसान परिवारों को दो-दो लाख की सहायता राशि कांग्रेस प्रदान कर रही है। लगातार बढ़ रहे पेट्रोल-डीजल के दामों का असर हर चीज पर पड़ रहा है। कांग्रेस मुख्य विपक्षी दल होने के नाते इस मामले में गंभीर है और जल्द ही विरोध प्रदर्शन की रणनीति का एलान होगा। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता आनंद सिंह दांगी, विधायक शकुंतला खटक, पार्षद कदम सिंह अहलावत, पूर्व पार्षद अमर अरोड़ा, शौरी मार्केट के प्रधान गुलशन इशपुनियानी, रोशनलाल उप्पल, रघुवीर सैनी, तिलक राज मग्गू, नंद कपूर, रोमी ग्रेवाल, देवेंद्र भारत, मुल्ख राज धवन, योगेंद्र बोस, मनमोहन आजाद, राकेश गर्ग, पूर्व पार्षद संजय सैनी, विद्यानंद मलिक, गीता भारती, संगीता सेहरावत, मीनाक्षी नांदल, धनपति हुड्डा आदि मौजूद रहे।