रोहतक। थाना आईएमटी रोहतक में एक युवक ने शिकायत देकर चार लोगों के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने और मारपीट करने के अलावा वसूली करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि मूलत: बिहार के हरिपुर मादी निवासी राना कुमार वर्तमान में रोहतक के खेड़ी गांव में सचिन के मकान में किराए पर रहता है। इसके अलावा उसी की दुकान पर काम करता है। राना ने आरोप लगाया कि तीन जून को खेड़ी गांव निवासी प्रदीप टीडा और हरदीप उर्फ टोडर स्कार्पियो में सवार होकर आए। दोनों दुकान से सिगरेट मांगे और जाने लगे। जब राना ने पैसे मांगे तो उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। मारपीट होता देख स्कार्पियो में सवार दो अन्य युवक उतरकर आए और उन्होंने मारपीट करनी शुरू कर दी। आरोप लगाया कि उसे जान से मारने की धमकी देकर जाते हुए 4200 रुपये भी लूटकर ले गए। जब उसने अपने दुकानदार सचिन का नाम लिया तो उसे भी गोली मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
फार्म से चार सुअर चोरी गए
रोहतक। थाना लाखन माजरा क्षेत्र के चांदी गांव से एक फार्म से चार सुअर चोरी चले गए। पीड़ित चांदी निवासी शिव कुमार ने कोतवाली में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रहस्यमय परिस्थितियों में युवक हुआ गायब
रोहतक। थाना लाखनमाजरा रोहतक के गांव गिरावड़ निवासी अशोक कुमार ने अपने बेटे अभिषेक की गुमशुदगी दर्ज कराई है। पीड़ित का कहना है कि अभिषेक ने 12वीं इसी साल पास की है और तीन जून को वह बिना किसी को कुछ बताए कहीं चला गया है। पुलिस ने अभिषेक की गुमशुदगी दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पिता-पुत्र समेत तीन के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज
रोहतक। घिलौड़ कलां निवासी राममेहर ने कोतवाली में दो सगे भाइयों और उनके पिता के खिलाफ मारपीट करने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर तीनों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस को दी तहरीर में पीड़ित राम मेहर ने बताया कि वह पशुओं को पानी पिलाने के लिए खेतों पर गया था। उसी समय गांव का ही सुनील, मोहित और उनका पिता बलजीत एवं तीन अन्य महिलाएं भी मौके पर आए और लाठी-डंडों से मारपीट करनी शुरू कर दी। उसने शोर मचाया तो कुछ दूरी पर टहल रहे सिल्लक और अशोक ने मौके पर पहुंचकर तीनों से बचाया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।