रोहतक। एक्टिवा पर स्टंट कर रही दो युवतियों को कार सवार युवकों ने सही से चलाने को कहा तो बुलेट सवार दो युवकों ने अपने साथियों के साथ मिलकर कार सवार दोनों युवकों से पहले मारपीट की। फिर उनकी गाड़ी में भी तोड़ फोड़ की। पीड़ितों ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना अर्बन स्टेट पुलिस को दी शिकायत में नितिन ने बताया कि वह कन्हेली गांव का रहने वाला है। 24 अक्तूबर को वह अपने दोस्त अभिषेक के साथ कार में सवार होकर बस स्टैंड से राम गोपाल कॉलोनी जा रहा था। रात साढ़े 10 बजे बस अड्डा के पास टी प्वाइंट पर कार के आगे से एक स्कूटी सवार दो युवतियां स्टंट मारती हुई निकली। जिन्हें कार सवार युवकों ने ठीक से चलाने के बारे में कहा। इसी दौरान पीछे से बुलेट सवार दो युवक आए और उन्होंने बुलेट को कार के आगे लगा दिया। उनसे बचते हुए वे उन्होंने अपनी कार को शीला बाईपास की ओर भगा लिया। लेकिन बुलेट सवारों ने सेक्टर 3-4 की पुलिया पर बुलेट को कार के आगे लगा उनको रुकवा लिया। और उनसे मारपीट करने लगे। इसी दौरान मौके पर 3-4 युवक भी आ गए। जिन्होंने कार पर ईंट पत्थर से वार कर शीशे और लाइट आदि तोड़ दी। इसके बाद युवक उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। झगड़े के दौरान आरोपी अपना नाम राहुल, विकास, संजु निवासी सेक्टर 4 आशियाना फ्लैट के रूप में बोल रहे थे। पीड़ित ने शिकायत में गाड़ी के अंदर रखा मोबाइल फोन भी गायब होना बताया है।