रोहतक। महम क्षेत्र में नेशनल हाईवे 152डी पर हुए भीषण हादसे के बाद घायलों को पीजीआई के ट्रामा सेंटर में लाया गया। अचानक 24 घायलों के पहुंचने से अफरा-तफरी मच गई। ट्रामा सेंटर में एक्स-रे व सीटी स्कैन कराने के लिए मरीजों की लंबी लाइन लग गई। हरिओम सेवा दल ने उन घायलों को संभाला जिनके साथ परिवार के लोग नहीं थे।
करीब आठ बजे घायल पीजीआई पहुंचने शुरू हो गए थे। साढ़े 10 बजे तक 24 मरीज अकेले 152डी पर हुए हादसे के पहुंचे। इसके अलावा सोनीपत, झज्जर व दूसरे जिलों में हुए सड़क हादसों में घायल मरीज भी आए। कोहरे के चलते रविवार सुबह लगातार हुए सड़क हादसों से ट्रामा सेंटर में मरीजों की भीड़ लग गई।
पीजीआई के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल ने बताया कि सूचना मिलते ही 20 से ज्यादा चिकित्सकों को बुलाकर ड्यूटी लगा दी गई ताकि घायलों को इलाज में किसी भी तरह की परेशानी न आए। घायलों की स्थिति के अनुरूप उनके अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन हुए। भीड़ ज्यादा होने के कारण मरीजों को अल्ट्रासाउंड व एक्स-रे के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ा।