महम। क्षेत्र के जलभराव वाले क्षेत्रों में सिंचाई विभाग की ओर से लगवाए गए बिजली कनेक्शन की अवधि जलभराव को देखते हुए दोबारा से बढ़ा दी है। अब 30 अक्तूबर तक 24 घंटे बिजली आपूर्ति मिलेगी। बहलबा के किसान विनय अहलावत, राहुल, राकेश, दलबीर, फूल, सिंह, विजय, अजय, सतबीर, विकास आदि का कहना था कि गांव में जलभराव की समस्या दूर नहीं हुई थी लेकिन बिजली निगम के सप्लाई बंद कर देने से निकासी प्रभावित हो गई है।
इस बारे में उत्तरी हरियाणा बिजली वितरण निगम के एसडीओ संजीत मुदगिल का कहना है कि सिंचाई विभाग की ओर से 20 अक्तूबर तक सप्लाई देने के लिए आग्रह किया गया था। अवधि समाप्त होने के बाद सप्लाई बंद कर दी थी लेकिन अब दोबारा से सिंचाई विभाग ने 30 अक्तूबर तक बिजली सप्लाई की मांग की गई है, इसलिए बिजली सप्लाई आठ गांवों में फिर से चालू की जा चुकी है। अब यहां पर 24 घंटे बिजली मिलेगी।