महम। महम से भिवानी स्टेट हाईवे विभाग की लापरवाही के कारण खराब हो रहा है। आने-जाने वाले वाहन चालकों, बैल गाड़ियों व पैदल चलने वालों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। यह सड़क जमीनी लेवल से ऊपर उठाकर बनाई गई है, ताकि सड़क पर पानी न खड़ा हो और सड़क टूटने से बच सके। विभाग के सुस्त रवैये के कारण जगह-जगह सड़क पर पानी खड़ा हो रहा है। इसके अलावा सड़क के दोनों ओर बनाई गई सफेद पट्टी साइड में खड़े पौधों की टहनियों या खरपतवार ने ढक ली है। इस कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
सड़क के ऊपर से गुजरने वाली रेल लाइन के नीचे बना अंडरपास बारिश होते ही पानी से भर जाता है। पुल से पहले जहां से ढलान शुरू होती है, वहां से सड़क टूटने के कारण गड्ढे बन गए हैं। इससे वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे की देखभाल व मरम्मत के लिए विभाग से गुहार लगाई है। इस बारे में विभाग के जेई कुलश्रेष्ठ राठी का कहना है कि रेलवे अंडरपास के नीचे विभाग कोई कार्य नहीं करा सकता। इसके अलावा जहां जहां भी पानी खड़ा होता है या सफेद पट्टी दिखाई नहीं दे रही है, वहां पर सोमवार को मशीन लगाकर कार्य कराया जाएगा।