रोहतक। कलानौर के सरकारी गोदाम से करीब 1.80 करोड़ रुपये की सरसों के गबन के आरोप में पुलिस ने गोदाम प्रभारी भिवानी निवासी राजेश ग्रेवाल को गिरफ्तार किया है। शनिवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से चार दिन के रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक स्टेट वेयर हाउस कोहलावास के प्रबंधक की तरफ से 25 जून को दी शिकायत में बताया गया था कि कलानौर अनाज मंडी में स्टेट वेयर हाउस का गोदाम है, जो दादरी स्थित कोहलावास के अंतर्गत आता है। चरखी दादरी, घसौला व कलानौर के गोदाम के इंचार्ज राजेश ग्रेवाल हैं। जब विभाग ने कलानौर के गोदाम में सरसों के रिकॉर्ड का मिलान किया तो जांच में 6 हजार 512 कट्टे कम मिले थे। केवल 1727 कट्टे पाए गए। मामले की जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया गया। कमेटी ने जब गोदाम राजेश ग्रेवाल से प्रभारी से संपर्क किया तो उनका मोबाइल बंद मिला। इस संबंध में गोदाम की सुरक्षा एजेंसी से जवाब मांगा गया। जवाब में एजेंसी की तरफ से कहा गया कि गोदाम के सभी कागजात इंचार्ज राजेश ग्रेवाल के पास हैं। कलानौर पुलिस ने राजेश ग्रेवाल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की। अब उसे गिरफ्तार किया गया है।