बहादुरगढ़। शहर के मेन बाजार स्थित शिवा मार्केट के दुकानदारों ने वक्फ बोर्ड पर दुकानों के ट्रांसफर और अवैध कब्जे करवाने में मिलीभगत का आरोप लगाया है। दुकानदारों का कहना है कि अवैध कब्जे और फर्जी दस्तावेजों के जरिए दुकानें ट्रांसफर की जा रही हैं। वीरवार को मार्केट के कई दुकानदारों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। चेतावनी दी कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे मार्केट बंद कर विरोध जताएंगे।
दुकानदार निखिल ने आरोप लगाया कि अप्रैल में जाली दस्तावेजों के आधार पर उनकी दुकान का मीटर बदल दिया गया। इसके बाद दुकान का ताला भी बदल दिया गया। उन्होंने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं हुई।
अन्य दुकानदारों ने बताया कि 25 से 30 वर्षों से दुकानें चला रहे हैं। अब कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा दुकानों पर नाजायज कब्जे किए जा रहे हैं। ये फर्जीवाड़ा वक्फ बोर्ड की मिलीभगत के बिना संभव नहीं है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के साथ वक्फ बोर्ड की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की।
दुकानदार संजीव भाटिया ने बताया कि उन्होंने करीब 30 वर्ष से बोर्ड से लीज पर दुकान ले रखी है। कुछ समय पहले दुकान एक परिचित को किराये पर दी थी। आरोप है कि उसने फर्जी दस्तावेजों के जरिये बोर्ड की मिलीभगत से दुकान अपने नाम करा ली है।
दुकानदार विनोद शर्मा, मुकेश कुमार, निखिल, चिराग परूथी, धीरज शर्मा, रोहित मदान और संजीव भाटिया समेत अन्य ने कहा कि फर्जी दस्तावेज और कथित मिलीभगत से चल रहे इस खेल को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। दुकानदारों ने कहा कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई तो पूरी मार्केट बंद कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
मुझे आए हुए अभी एक महीना हुआ है। मेरे कार्यकाल में इस तरह का कोई कार्य नहीं किया गया है। उसकी जांच की जा रही है। पूरे प्रकरण की जांच की जाएगी।
-खुर्शीद अहमद, कार्यकारी अधिकारी, वक्फ बोर्ड, झज्जर
शिवा मार्केट में एक दुकानदार ने इस तरह की शिकायत दी है। उसकी जांच की जा रही है।
राकेश, एसएचओ, थाना शहर, बहादुरगढ़।
फोटो-52: