रोहतक। विधानसभा आम चुनाव के लिए 5 अक्तूबर को मतदान होगा। मतदान केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में फर्नीचर उपलब्ध कराया जाएगा। यह जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी संभालेंगे। मतदान पार्टियां 4 अक्तूबर को मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान केंद्र स्थापित करेंगी। जिले की चार विधानसभाओं में 831 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यह कहना है जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार का। वे सोमवार को चुनाव संबंधी निर्देश जारी कर रहे थे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चार व पांच अक्तूबर को मतदान केंद्रों पर मतदान पार्टियों को पर्याप्त मात्रा में फर्नीचर उपलब्ध कराया जाए। मतदान पार्टियों एवं मतदाताओं को मतदान के दौरान कोई असुविधा न हो। जिले में लगभग सभी मतदान केंद्र राजकीय विद्यालयों या सरकारी विभागों के भवनों में स्थापित किए गए हैं। राजकीय विद्यालयों व विभागों के भवनों में स्थापित मतदान केंद्रों में संबंधित विभाग चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी या अन्य कर्मचारी की ड्यूटी लगाकर मतदान पार्टियों के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। मतदान पार्टियां मतदान से एक दिन पूर्व अर्थात चार अक्तूबर को मतदान केंद्रों पर पहुंचेंगी।