फोटो नंबर- 28रोहित, वॉलीबॉल खिलाड़ी
नारनौल। राष्ट्रीय खिलाड़ी मोहित लांबा की स्मृति में गांव महरमपुर में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन एक सितंबर को किया जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है और कुल 22 टीमों ने पंजीकरण करवाया है। विजेता टीम को 15 हजार रुपये व उपविजेता टीम को 11 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। प्रतियोगिता में द्रोणाचार्य अवार्ड से सम्मानित महावीर फोगाट बतौर मुख्य अतिथि और चेयरपर्सन कमलेश सैनी, सुमन देवी और भीम अवार्डी हनुमान यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
कोच नरेश ढिल्लों ने बताया कि गांव महरमपुर निवासी मोहित लांबा वॉलीबॉल के अच्छे खिलाड़ी थे और अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत थे। मोहित लांबा ने करीब 4 राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करते हुए बेहतर प्रदर्शन किया था और राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने के दावेदार थे। लेकिन 1 सितंबर 2024 को हृदय गति रुकने के कारण उनका निधन हो गया, जो खेल के क्षेत्र में जिले के लिए बहुत बड़ी क्षति थी। तब से उनकी पुण्यतिथि पर प्रत्येक वर्ष गांव महरमपुर में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है।
दोस्तों को वॉलीबॉल खेलते देख अभ्यास शुरू किया था और अब यह खेल जीवन का अभिन्न अंग बन गया। मोहित लांबा की तरह मैं भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वॉलीबॉल खेलना चाहता हूं।
रोहित, वॉलीबॉल खिलाड़ी
प्रतियोगिता को लेकर उत्साह बना हुआ है, सभी खिलाड़ी योजना के अनुसार खेलने का प्रयास करेंगे। उम्मीद है बेहतर प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त करने में सफल रहेंगे।
दिनेश, वॉलीबॉल खिलाड़ी