संवाद न्यूज एजेंसी
कोसली। जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन की तरफ से गांव दड़ौली स्थित शहीद रघुनाथ सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जल जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
खंड संसाधन संयोजक जितेंद्र कुमार ने कहा कि जल पृथ्वी की अमूल्य धरोहर है और इसके बिना जीवन के कल्पना भी नहीं की जा सकती। जल का सदुपयोग नहीं होने की वजह से हमारा भूजल स्तर दिन-प्रतिदिन नीचे गिरता जा रहा है।
यूं ही पानी को बर्बाद किया जाता रहा तो पीने के पानी के लिए भी तरसना पड़ सकता है। इसलिए समय रहते हमें जल की एक-एक बूंद को बचाना होगा। यह हम सब की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जितेंद्र कुमार ने कहा कि जल संसाधनों के प्रति हमें संवेदनशील रहना चाहिए। पानी को दूषित होने से बचाएं, ताकि जल जनित बीमारियां ना फैल सके। इस कार्य में विद्यार्थी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। दूषित पानी सेहत के लिए खतरनाक है।
विद्यालय के प्रवक्ता राजेश कुमार ने भी विद्यार्थियों को जल संरक्षण का महत्व समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को खुले पड़े हुए नलों पर टूटियां लगाने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर प्रवक्ता कैलाश कुमार, रामनारायण, सतीश कुमार, सुमन यादव, स्नेहलता, अलका, विजय कुमारी के साथ स्टाफ सदस्य एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।