फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एसडीओ और जेई के पीछे ईंट लेकर दौड़े ग्रामीण

Thu, 19 Jun 2014 02:14 AM IST
रोहतक
विज्ञापन
विज्ञापन
गोहाना-भिवानी स्टेट हाइवे के चौड़ीकरण के काम को लेकर बैंसी गांव में प्रशासनिक अमला दौरा करने गया तो हंगामा हो गया। एक ग्रामीण तो एसडीओ और जेई के पीछे ईंट लेकर ही भाग लिया। अधिकारियों ने वहां से भागकर जान बचाई।
विज्ञापन


कुछ ग्रामीणों ने न केवल मारपीट का प्रयास किया बल्कि अधिकारियों को जान से मारने की धमकी भी दी। डीएसपी महम, तहसीलदार महम और पीडबल्यूडी कार्यकारी अभियंता मौके पर पहुंचे। थाना लाखनमाजरा पुलिस ने एसडीओ की शिकायत पर नरेंद्र व अन्य ग्रामीणों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया है।

पीडब्ल्यूडी की ओर से स्टेट हाइवे नंबर 16-ए (गोहाना-लाखनमाजरा-महम होते हुए भिवानी तक जाने वाला) को फोर लेन बनाया जा रहा है। मंगलवार दोपहर बैंसी गांव में एसडीओ अनिल रोहिला अधिकारियों के साथ  निरीक्षण करने पहुंचे। देखा तो कुछ ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी की सरकारी जगह पर कब्जा किया हुआ है।
विज्ञापन


कब्जा हटाने के लिए जेसीबी लगाई तो ग्रामीण अधिकारियों के साथ झगड़े पर उतर आए। एसडीओ अनिल रोहिला ने बताया कि गांव के ही नरेंद्र, महाराज, रणबीर समेत कइयों ने रोड को दबाने के लिए रैंप बना रखे हैं। कब्जा हटवाना चाहा तो नरेंद्र और उसके भाई ने हंगामा कर दिया, लेकिन कब्जा हटवा लिया गया।

वे जब रणबीर के घर के सामने पहुंचे तो पहले तो उसने प्लंबर के साथ झगड़ा किया। फिर सर्वे इंजीनियर अनूप दहिया का गला भी पकड़ लिया। गला छुड़वाया तो वह जेसीबी के हेड से लिपट गया और काम रुकवा दिया। वहां से हटवाया तो वह ईंट लेकर मेरे (एसडीओ रोहिला) और जेई जसबीर दलाल के पीछे भाग लिया।

जोर-जोर से सबके सामने मुझे जान से मारने की धमकी देता रहा। किसी तरह भागकर जान बचाई। एसडीओ रोहिला ने बताया कि बैंसी से पहले लाखनमाजरा में भी कुछ ग्रामीणों ने सरकारी जमीन में फसल बो दी थी। ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस की मौजूदगी में कब्जा हटवाया गया तो वहां भी हंगामा हुआ। कई ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया।  

इस बारे में जिले के पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के एसई प्रदीप रंजन ने बताया कि एसडीओ के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। मौके पर एक्सईएन हरपाल सिंह को भेजा गया था। पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। कुछ ग्रामीण जानबूझ कर सरकारी रोड पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।

महम के डीएसपी मुकेश जाखड़ ने कहा कि पीडबल्यूडी के एसडीओ और जेई के साथ कुछ ग्रामीणों द्वारा दुर्व्यवहार करने, जान से मारने की धमकी देने की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर एक ग्रामीण के खिलाफ नामजद समेत अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत थाना लाखनमाजरा थाने में केस दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें