01सीटीके36 मोखरा में पेयजल को लेकर प्रदर्शन करते स्थानीय लोग। संवाद
महम। गांव मोखरा में पेयजल किल्लत से गुस्साए ग्रामीणों ने रविवार को जलघर परिसर में प्रदर्शन कर रोष जताया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि कर्मचारियों की ओर से ड्यूटी सही से न किए जाने के कारण जलघर के टैंक खाली रह जाते हैं। सरपंच नीटू मलिक व मंजूबाला ने कहा कि करीब एक सप्ताह से पानी की आपूर्ति नहीं की गई है।
तपा प्रधान रामकिशन मलिक, दिलबाग, बिलासा, कमलेश व बाला आदि ने बताया कि कर्मचारियों की लापरवाही की वजह से जलघर तक पानी नहीं पहुंच पाया। ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों को शिकायत दी, लेकिन रविवार को भी कर्मचारी जलघर से नदारद रहे। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि कर्मचारी काम नहीं करते।
महिलाओं ने सरकार व प्रशासन से जलघर के टैंक भर कर गांव पीने के पानी की आपूर्ति सुचारु रूप से सप्लाई करने की मांग की व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
-
कलानौर माइनर से जलघर तक पानी पहुंच रहा है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द करते हुए जलघर में बाहरी लोगों के आने पर रोक लगा दी है। कुछ कर्मचारी दूसरे जलघर से यहां पर तैनात किए गए हैं। ग्रामीणों की जो भी समस्या है उसका समाधान किया जाएगा।
संदीप, कनिष्ठ अभियंता, जन स्वास्थ्य विभाग