झज्जर। सदर पुलिस थाना क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग लड़की के साथ करीब चार माह पूर्व सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में चार आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले का खुलासा उस समय हुआ जब आरोपियों ने घटनाक्रम का वीडियो वायरल कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस फिलहाल आरोपियों की उम्र की भी जांच कर रही है कि इनमें कौन बालिग है और कौन सा आरोपी नाबालिग है।
महिला पुलिस थाना प्रभारी कविता ने बताया कि दिसंबर 2020 में एक आरोपी ने नाबालिग लड़की को बहला फुसलाकर अपने खेत में बुलाया लिया और वहां बोई गई फसल में ले जाकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और उसका वीडियो भी बना लिया। उस समय उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इसके कारण लड़की ने उसके परिजनों को नहीं बताया। अब उन्होंने इस वीडियो को वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया। उसके बाद उसके परिजन उसे महिला पुलिस थाने लेकर पहुंचे।
नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने वाले चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गहनता से जांच शुरू कर दी है। आरोपियों ने नाबालिग का वीडियो वायरल करने के बाद मामले का खुलासा हुआ है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- कविता, महिला पुलिस थाना प्रभारी, झज्जर