रोहतक। एमडीयू के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने सोमवार को विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों व बॉयज हॉस्टलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय कुछ विभागों में शिक्षकों के कक्ष बंद मिले और कई कक्षाओं में विद्यार्थियों की उपस्थिति कम पाई गई।
इस पर कुलपति ने नियमित कक्षाएं संचालित करने और समय-सारिणी का पालन करने के निर्देश दिए। उनके साथ डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एससी मलिक भी मौजूद रहे। कुलपति ने कक्षाओं में जाकर अध्यापन व्यवस्था, उपस्थिति रजिस्टर और पाठ्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की। जहां कमियां मिलीं, वहां संबंधित विभागाध्यक्षों से स्पष्टीकरण मांगा गया।
निरीक्षण के बाद कुलपति ने कैलाश बॉयज हॉस्टल का दौरा किया और स्टूडेंट मेस में विद्यार्थियों के साथ बैठकर भोजन किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, पोषण स्तर और स्वच्छता की जांच की। इसके अलावा हॉस्टल परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। कुलपति ने छात्रों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर प्रशासन प्राथमिकता से कार्रवाई करेगा।
23. एमडीयू में विभागों का निरीक्षण करते कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा। स्रोत: एमडीयू