रोहतक। सब्जी मंडी आढ़तियों ने सोमवार को मार्केट फीस को लेकर जारी नई सूचना की प्रतियां जलाकर सरकार के प्रति विरोध जताया। एक दिसंबर को सरकार की तरफ से सब्जी मंडियों में बिकने वाले फल और सब्जी पर मार्केट फीस को लेकर एकमुश्त कर लगाने की सूचना जारी हुई है। इससे पहले 2020 में एक प्रतिशत मार्केट फीस और एक प्रतिशत एचआरडीएफ लगाया गया था।
मंडी प्रधान सोनू छाबड़ा ने बताया कि नई सूचना में स्लैब बनाकर एडवांस में आढ़तियों को मार्केट फीस भरने को कहा गया है। यह फैसला व्यापारियों के हित में भी नहीं है। आढ़ती तो किसानों और अंतिम उपभोक्ता के बीच की कड़ी है। हम लोग ग्राहक से दो प्रतिशत टैक्स लेकर प्रति सप्ताह सरकार को देते हैं। मौसम के अनुसार किसी वर्ष फसल कम या ज्यादा होने के कारण हमारा व्यापार प्रभावित होता है। इसलिए हम एडवांस में कैसे मार्केट फीस भर सकते हैं। अगर किसी कारणवश पारिवारिक या शारीरिक परेशानी के कारण अगर कोई आढ़ती का व्यापार प्रभावित होता है लेकिन मार्केट फीस पहले ही भर चुका होने के कारण उसको वापस लेने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ेंगे। इस दौरान साहिल मग्गू, रामेश्वर सैनी, राजकुमार मग्गू, नरेंद्र सैनी, नंदकिशोर, गुलशन, हरजेश, विक्की ढुल, राजू, राहुल, आदि उपस्थित रहे।