संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। जिले के समर गोपालपुर के पहलवान वंश अहलावत ने थाईलैंड के पटाया में चल रही अंडर-15 एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। वंश ने 44 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया।
कोच विकास ने बताया कि वंश ने प्रतियोगिता में बेहतरीन खेल दिखाते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। यह वंश का अंडर-15 एशिया चैंपियनशिप में लगातार दूसरा अंतरराष्ट्रीय पदक है।
पिछले साल इसी प्रतियोगिता में वंश ने स्वर्ण पदक जीता था। लगातार दो साल पदक जीतकर उन्होंने भारतीय कुश्ती में अपनी प्रतिभा साबित की है। वंश अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और कोच को देते हैं। वह समर गोपालपुर स्थित कुश्ती अकादमी में कोच विकास शर्मा की देखरेख में नियमित अभ्यास कर रहे हैं। वंश की उपलब्धि से परिवार और गांव में खुशी का माहौल है।