माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली का कहना है कि जमीन की खरीद-फरोख्त केस में राबर्ट वाड्रा व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा बयानबाजी कर केस का राजनीतिकरण न करें बल्कि ईडी की कार्रवाई का सामना करें। वह शनिवार को माॅडल टाउन में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के जन्मदिन कार्यक्रम के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।
प्रदेश में बढ़ती आपराधिक वारदात पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विदेशों में बैठकर धमकी देने वालों का ढूढ़कर लाया जाएगा, ताकि कानून के तहत कार्रवाई की जा सके। पुलिस अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठा रही है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले भी कानून व्यवस्था को लेकर दिक्कत आई थी। अब फिर उसी तरह का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन पुलिस सख्ती कदम उठा रही है। अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव पर ली चुटकी, बोले-कांग्रेसियों को घी पीना चाहिए
कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव पर चुटकी लेते हुए मोहनलाल बड़ौली बोले-कांग्रेसियों को घी पीना चाहिए, ताकि संगठन खड़ा कर सकें। प्रदेश में बीपीएल कार्ड कटने पर बोले-सरकार की जनहित की नीतियों की वजह से गरीबी कम हुई है इसलिए बीपीएल कार्ड कम होते जा रहे हैं। इस मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका व अन्य लोग भी मौजूद रहे।