पुलिस ने एक ऐसे गिरोह को काबू किया है, जो मौज मस्ती के लिए चलते-फिरते लूट व स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दे रहा था। सर्किट हाउस के बाहर से आरोपियों ने कार हरिद्वार घूमकर आने के लिए छीनी थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते आरोपी बलियाना निवासी रोहित उर्फ छोटा, कमला नगर निवासी राहुल, शीतल नगर निवासी हिमांशु व जतिन को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने तीन वारदात कुबूली हैं।
डीएसपी मुख्यालय गोरखपाल राणा ने बताया कि पहरावर गांव निवासी विजय ने 7 जुलाई को शिकायत दी थी कि वह रात को करीब 12 बजे पथरी की दवाई लेने कार से मेडिकल मोड़ पर जा रहा था। रास्ते में बाइक पर कुछ युवक आए और रास्ता पूछने के बहाने उससे बात की। साथ ही तेजधार हथियार से कंधे व कार पर वार करके उसकी कार छीनकर ले गए। एसपी ने सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार व पीजीआई थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शमशेर सिंह को वारदात की संयुक्त जांच सौंपी। पुलिस ने जांच करते हुए बलियाना निवासी रोहित उर्फ छोटा को रुपया चौक से गिरफ्तार किया। इस दौरान कार को बरामद कर लिया गया। उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की और तीन अन्य आरोपियों कमला नगर निवासी राहुल, शीतल नगर निवासी हिमांशु व जनित को काबू किया। जबकि आरोपियों का पांचवां साथी अभी फरार है। पूछताछ में पता चला कि रोहित 20 दिन पहले जमानत पर बाहर आया था। उसने अपनी बुआ के लड़के राहुल से संपर्क किया। राहुल ने अपने दोस्त हिमांशु व जनित को बुला लिया। एक अन्य युवक के साथ मिलकर चारों मौज-मस्ती के लिए शहर में लूटपाट व स्नैचिंग की वारदात अंजाम देने लगे। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर कार व बाइक बरामद की है।