रोहतक। नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य जांच के लिए आने वाले आमजन से भीड़ भाड़ व लंबी लाइनों से बचने के लिए उपायुक्त अजय कुमार ने स्वस्थ हरियाणा ऐप का इस्तेमाल करने का आह्वान किया है। इस ऐप के माध्यम से मरीज प्रदेश के किसी भी नागरिक अस्पताल में इलाज करवाने के लिए रजिस्ट्रेशन करवा सकता है।
उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि यह ऐप गूगल प्ले स्टोर पर भी उपलब्ध है। इस ऐप के माध्यम से अस्पताल में जाने से पहले मरीज घर बैठे अपना एडवांस रजिस्ट्रेशन करवा पाएंगे। जिससे अस्पतालों में लोगों की भीड़ का सुव्यस्थित तरीके से प्रबंधन किया जा सकेगा। मरीज को लाइन में नहीं लगना पड़ेगा, वह सीधा जाकर अपने डाक्टर के पास इलाज करवा सकता है।
घर पर ही देख सकते हैं लैब रिपोर्ट
उपायुक्त ने बताया कि डाक्टर द्वारा लिखे टेस्ट और जो भी रिपोर्ट होगी मरीज उसे इस ऐप के माध्यम से घर बैठे अपने मोबाइल पर देख सकेगा। मरीज की सारी हिस्ट्री स्टोर रहेगी। ऐप में अन्य भी कई सुविधाएं हैं, जिनमें ब्लड बैंक की जानकारी, जच्चा बच्चा देखभाल और टीकाकरण संबंधी जानकारी भी उपलब्ध रहेगी। मरीज अपना एडवांस रजिस्ट्रेशन करवाने के साथ ही अपना भूतपूर्व रजिस्ट्रेशन का रिकार्ड भी देख पाएंगे। मरीज अपनी इच्छा से किसी भी स्वास्थ्य संस्थान और ओपीडी का चयन कर सकते है, साथ ही ऐप पर सभी प्रकार की जांच रिपोर्ट का रिकार्ड तिथि अनुसार उपलब्ध कर सकते है।