रोहतक। जिले में साइबर ठगी की वारदात नहीं थम रही हैं। साइबर अपराधियों ने संजय कालोनी, महाबीर कालोनी व लाखनमाजरा में किसी को लोन तो किसी को पार्ट टाइम नौकरी का झांसा देकर ठग लिया। इस संबंध में शहर व लाखनमाजरा थाने में केस दर्ज किए गए हैं।
केस एक : शिक्षक से ठगे 94 हजार रुपये
पुलिस के मुताबिक लाखनमाजरा निवासी बिजेंद्र ने दी शिकायत में बताया कि वह शिक्षक है। पत्नी की किडनी बदलवाने के लिए उसने 17 लाख रुपये के लोन के लिए आवेदन किया था। अदिति अग्रवाल नाम की महिला ने खुद को कंपनी का मैनेजर बताया। साथ ही धोखाधड़ी करके 94 हजार रुपये अपने खाते में डलवा लिए। तीन माह हो गए न तो लोन की राशि जारी की और न ही पैसे वापस भेजे हैं।
केस दो : पार्ट टाइम नौकरी का झांसा देकर 86, 100 रुपये
महाबीर कालोनी निवासी आकाश ने दी शिकायत में बताया कि उसे टेलीग्राम पर पार्ट टाइम नौकरी का ऑफर मिला। कहा गया कि वीडियो लाइक करने पर पैसे मिलेंगे। शुरूआत में तो पैसे भेजे, लेकिन बाद में टास्क देने लगे। उससे झांसा देकर 86 हजार 100 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। अब न तो पैसे वापस कर रहे हैं और न ही कोई जवाब दे रहे हैं।
केस तीन : ड्राई फ्रूट खरीदने के लिए लिंक पर क्लिक करते ही कट गए 49 हजार 674 रुपये
संजय कालोनी निवासी काले ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 मई को उसने फेसबुक पर ऑनलाइन बाजार का एक विज्ञापन देखा। उसमें ड्राई फ्रूट खरीदने का ऑफर दिया हुआ था। उसने ड्राइफ्रूट खरीदने के लिए डेबिट कार्ड का नंबर डाला तो उसके पास एक लिंक आया। लिंक पर क्लिक करते ही 24 हजार 837 रुपये कटने का मैसेज आ गया। थोड़ी देर बाद 24 हजार 837 रुपये दोबारा भेजने का मैसेज आ गया। इस तरह उसके खाते से 49, 674 रुपये कट गए।