सोनीपत रोड पर पानी की समस्या को लेकर जाम लगाते लोग। संवाद
रोहतक। सल्लारा मोहल्ले में काफी समय से पानी की सप्लाई नहीं दी जा रही है। जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से मोहल्ले में पानी के टैंकर से पानी की सप्लाई की जाती है, लेकिन पिछले 10 दिन से पानी के टैंकर न भिजवाने के कारण व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। लोग पानी की मांग को लेकर जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में आए, लेकिन उन्होंने अधिकारियों की ओर से धक्के मारने का आरोप लगाया है। गुस्साए लोगों ने सोनीपत मार्ग पर जाम लगाया, लेकिन कुछ देर बाद आश्वासन मिलने पर जाम को खोल दिया गया।
सल्लारा मोहल्ला निवासी जयपाल, प्रमोद, अक्षित, सुरेंद्र, महावीर समेत क्षेत्र के लोगों ने बताया कि पानी की पाइपलाइन से मोहल्ले में पानी की सप्लाई नहीं आती है। लोगों ने पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर को भी पानी की समस्या को लेकर दोबारा नई पाइपलाइन बिछाने की मांग की थी। पूर्व में रहे डीसी मनोज कुमार को भी समस्या से अवगत करवाया था, लेकिन आज तक भी सुनवाई नहीं हुई है। बिना पानी के लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। गर्मी में दूरदराज लगे हैंडपंप से ही पानी भरकर लाना पड़ता है। विभाग की ओर से भेजे जाने वाले पानी के टैंकर हफ्ते में सिर्फ एक बार ही आते हैं और कभी कभार तो आते ही नहीं, जिससे व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है, लेकिन विभाग का कोई भी अधिकारी स्थाई समाधान करवाने को तैयार नहीं है।
लोगों की मांग उन्हें टैंकर से नहीं पाइपलाइन से चाहिए पानी
सल्लारा मोहल्ले के लोगों ने मांग की कि उन्हें पानी की सप्लाई के लिए टैंकरों की जरूरत नहीं है। न ही टैंकरों से पानी की आपूर्ति पूरी हो पाती है। जनस्वास्थ्य विभाग जल्द नई पाइपलाइन डलवाकर घरों में सप्लाई दे ताकि पूर्ण रूप से पानी की सप्लाई हो सके और लोगों को दूरदराज लगे हैंडपंपों पर धक्के न खाने पड़ें। जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो मोहल्ले के लोग विभाग का घेराव करने पर मजबूर होंगे।
इस तरह का मामला संज्ञान में आया है। सोनीपत रोड पर स्थित डिविजन में लोग अपनी मांग को लेकर पहुंचे थे, लेकिन वहां पर टैंकरों की सप्लाई पूर्ण रूप से की जा रही है। स्थाई समाधान के लिए एसडीओ को आदेश कर दिए गए हैं। लोगों को पानी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
तरुण गर्ग, एक्सईन, जनस्वास्थ्य विभाग