प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को लेकर बुधवार को डीआरडीए हॉल में उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार के निर्देश पर बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम राकेश सैनी ने बैंक प्रबंधकों को निर्देश दिए है कि वे 15 अगस्त तक पोर्टल पर फसल बीमा संबंधी सारा डाटा अपलोड करें। खरीफ सीजन में प्रीमियम काटने की अंतिम तिथि 31 जुलाई है।
एसडीएम सैनी ने बैंक प्रबंधकों को निर्देश दिए कि प्रीमियम काटते समय सही विवरण दर्ज करें, समय पर बीमित किसानों का डाटा पोर्टल पर अपलोड करें। सभी बैंक अपना काम सावधानी से करें ताकि किसानों को दिक्कत न आए। कृषि उप निदेशक डॉ. इंद्र सिंह ने कहा कि धान के लिए प्रीमियम 713.996 रुपये प्रति एकड़, कपास के लिए 1732.501 रुपये प्रति एकड़, बाजरा के लिए 335.987 रुपये और मक्का के लिए 356.998 रुपये प्रति एकड़ है। जिला अग्रणी प्रबंधक प्रताप सिंह ने प्रबंधकों से कहा कि सभी बैंक योजना की अनुपालना के लिए निर्धारित तिथियों का सख्ती से पालन करें। सही फसल का प्रीमियम किसानों के खाते से समय रहते काटें और 15 अगस्त तक इसे बीमा कंपनी के खाते में भिजवाना सुनिश्चित करें। बीमा कंपनी के प्रतिनिधि प्रवीन कुमार ने प्रीमियम भेजने और पोर्टल पर डाटा अपलोड करने में आने वाली दिक्कत के बारे में बताया। सहायक सांख्यिकी अधिकारी विनोद हुड्डा ने प्रीमियम की फसलवार दरें, प्रीमियम काटने की अंतिम तिथि के बारे में बताया।
बीमा न कराने के इच्छुक ऋणी किसान 24 जुलाई तक दें सूचना
एसडीएम ने बताया कि यह योजना ऋणी किसानों के लिए भी स्वैच्छिक है। अगर ऋणी किसान अपनी फसल का बीमा नहीं करवाना चाहता तो वह 24 जुलाई तक संबंधित बैंक को लिखित सूचना दें। फसल बदलने वाले किसान भी बैंक में समय रहते सूचना दें ताकि सही फसल का प्रीमियम काटा जा सके।