माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के चिकित्सक अब प्रदेश के चिकित्सकों व पैरा मेडिकल स्टाफ ही नहीं, विदेशी चिकित्सकों को भी प्रशिक्षण देंगे। इस कड़ी में इराक के दो प्रतिनिधियों ने सोमवार को हेल्थ विश्वविद्यालय का दौरा किया। यह कहना है पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एचके अग्रवाल का। वह सोमवार को अतिथियों के दौरे की जानकारी दे रहे थे।
कुलपति ने बताया कि स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के साथ इराक के प्रतिनिधियों ने एमओयू साइन करने का प्रस्ताव रखा है। इसके तहत इराक के चिकित्सक, नर्सिंग और पैरा मेडिकल स्टाफ और विद्यार्थी दो साल के लिए यहां आकर प्रशिक्षण ले सकेंगे। इसके अलावा, यहां के चिकित्सक इराक जाकर प्रशिक्षण देंगे व उन्हें भारतीय चिकित्सा प्रणाली के बारे में अवगत कराएंगे।
इस समझौते से न केवल विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा बढ़ेगी बल्कि इराक के चिकित्सकों और स्टाफ को भी भारतीय चिकित्सा प्रणाली के बारे में जानने का अवसर मिलेगा। इससे दोनों देशों के बीच चिकित्सा क्षेत्र में सहयोग बढ़ने की उम्मीद है।
विश्वविद्यालय एमबीबीएस, बीडीएस, एमडी, बीएससी नर्सिंग के पाठ्यक्रम उपलब्ध है। इराक के उच्च शिक्षा मंत्रालय के सलाहकार प्रो. अब्दुल हुसैन और अल कुट विवि के उपाध्यक्ष कासिम शैंडी ने सोमवार को विश्वविद्यालय का भ्रमण किया। इस मौके पर विश्वविद्यालय के कुल सचिव डॉ. रूप सिंह, डॉ. अशोक चौहान, जनसंपर्क विभाग के इंचार्ज डॉ. उमेश यादव उपस्थित रहे।