संवाद न्यूज एजेंसी
महम (रोहतक)। पेंट दुकानदार हरिओम तायल (68) के पेट में दो युवकों ने चाकू घोंप दिया। उसे नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से पीजीआई रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। यह वारदात पीड़ित दुकानदार के ही जानकार युवक ने अपने एक साथी के साथ मिलकर की है।
पीड़ित ने किसी तरह तीन वार तो हाथ अड़ाकर रोक लिए, लेकिन एक चाकू उनके पेट में जा लगा। अभी पीड़ित पक्ष ने शिकायत नहीं दी है। हालांकि, पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर युवकों की पहचान फरमाणा गांव निवासियों के रूप में कर ली है। उधर, घटना के बाद व्यापारियों ने बाजार बंद कर विरोध जताया।
पुलिस ने बताया कि हरिओम तायल की पेंट की दुकान है। वहीं, अनाज मंडी में आढ़त की भी दुकान चलाते हैं। वह बुधवार दोपहर अपनी पेंट की दुकान पर बैठे थे। इसी समय फरमाणा गांव निवासी युवक एक दोस्त के साथ उनकी दुकान पर पहुंचा।
युवक ने दुकान पर बैठे व्यापारी से कहा कि उसे उनसे कुछ काम है, इसलिए वह व्यापारी को अपने साथ शनि मंदिर वाली गली में ले गए। यहां दोनों युवकों ने चाकुओं से हमला कर दिया।
हरिओम ने बचाओ-बचाओ का शोर मचाया तो आरोपी मौके से भाग गए। परिजन मौके पर पहुंचे और नागरिक अस्पताल लेकर गए। वहां पर प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर कर दिया है।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने बाजार बंद करके विरोध जताया। इस मौके पर व्यापारी राजेश सोनी, जोगिंदर गिरोत्रा,राजेश, मोनू मलिक आदि समेत काफी लोग मौजूद रहे।
बेटा बोला- कोई मनमुटाव नहीं था
आरोपी फरमाणा गांव के रहने वाले हैं और उनमें से एक युवक का उनके घर काफी समय से आना-जाना है। उसने यह हमला क्यों किया, इसका कारण नहीं पता है। कभी उनके परिवार के साथ कोई मनमुटाव भी नहीं हुआ था।
- संदीप तालय, घायल व्यापारी का बेटा।
सीसीटीवी फुटेज से फरमाणा गांव निवासी एक आरोपी की पहचान हो गई। उसकी गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। वारदात क्यों की गई, इसका पता गिरफ्तारी के बाद ही चल सकेगा।
- सोमवीर, जांच अधिकारी महम।
-
फोटो 01 पीड़ित व्यापारी अस्पताल से बाहर आते हुए। संवाद
02 आरोपी व्यापारी को बुलाने आते हुए। स्रोत: वीडियोग्रैब
03 घटना पर रोष प्रकट करते व्यापारी। संवाद