रोहतक। सांपला में कुलताना चौक के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। नया गांव निवासी गुलाब सिंह ने सांपला थाने में दर्ज एफआईआर में बताया कि 27 अक्तूबर को वह अपने भाई अजीत के साथ बाइक पर सांपला से जा रहा था। बाइक अजीत चला रहा था। शाम करीब 4:50 बजे नाई वाला मंदिर, कुलताना रोड के पास सामने से तेज रफ्तार में आए ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
खेत से घर जाने के लिए निकली महिला लापता
रोहतक। सांपला क्षेत्र के गांव ईस्माइला 11बी में खेत से घर जाने के लिए निकली 38 वर्षीय महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। पति ने अपने स्तर पर खेतों और गांव में तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। पति पवन ने सांपला थाने में दर्ज एफआईआर में बताया कि शनिवार को सुबह करीब आठ बजे वह अपनी पत्नी पूनम के साथ खेत में पशुओं के लिए चारा लेने गया था। दोपहर करीब 12 बजे उसने पत्नी को घर जाने के लिए कहा और खुद दूसरे खेत में काम करने चला गया। करीब एक बजे वह घर पहुंचा तो पत्नी वहां नहीं मिली। बच्चों से पूछताछ करने पर भी उसके बारे में जानकारी नहीं मिली। काफी तलाश के बाद भी पूनम का पता नहीं चला।