साल्हावास। मातनहेल-झाडली मार्ग पर संतुलन बिगड़ने से बाइक सवार दो युवक सड़क पर गिर गए। पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आकर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को नागरिक अस्पताल मातनहेल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव के बाद पुलिस ने दोनों शव परिजनों को दे दिया है।
मृतकों की पहचान भिवानी के बादलवाला गांव निवासी 23 वर्षीय रवि और करनाल के कछुआ गांव निवासी राजेश के रूप में हुई है। रवि झाडली क्षेत्र में दवाई सप्लाई करता था। वह अविवाहित था और अपने भाई बंटी के साथ झाड़ली में रहता था। राजेश झाड़ली में मजदूरी करता था। पुलिस ने भिवानी के बादलवाला गांव निवासी बंटी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया है। बंटी ने बताया कि उसका भाई रवि गत दिवस गांव गोच्छी में अपने मामा के घर गया था। सोमवार लगभग पौने दस बजे बाइक पर सवार होकर झाड़ली के लिए आ रहा था। नौगांव से पहले राजेश निवासी कछुआ ने उससे लिफ्ट मांगी। दोनों मोटरसाइकिल सेर झाड़ली जा रहे थे, मातनहेल-झाडली मार्ग पर बाइक का संतुलन बिगड़ गया। इससे दोनों सड़क पर गिर गए और पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए। इससे दोनों की मौत हो गई।
बाइक के दस्तावेज और सिम से हुई दोनों की पहचान
जांच अधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि मृतक रवि पुत्र सुरेंद्र निवासी बादलवाला जिला भिवानी की पहचान मोटरसाइकिल में मिले दस्तावेजों से हो गई थी। मोटरसाइकिल पर सवार दूसरे युवक राजेश का फोन बिल्कुल टूट चुका था और उसकी सिम को दूसरे फोन में डाल कर उसका पता निकलवाया गया तो उसकी पहचान राजेश पुत्र रामकिशन निवासी कछुआ जिला करनाल के तौर पर हुई।