दिल्ली के गैंगस्टर नीरज बवाना का गिरोह इन दिनों रोहतक जिले में सक्रिय है। गिरोह के गुर्गें हत्या से लेकर फिरौती मांगने तक की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। वहीं पुलिस सिर्फ केस दर्ज करने तक सीमित है। शनिवार देर शाम जिले के एक निजी स्कूल संचालक से गिरोह के गुर्गों ने फोन कर 50 लाख की फिरौती मांगी है। रुपये न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी है। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी। अर्बन एस्टेट पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। उधर, पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल संचालक के घर पर एक पीसीआर भी तैनात कर दी है।
मालूम रहे कि मार्च 2018 में इस स्कूल संचालक से गैंगस्टर संजीत बिदरो ने स्कूल में घुसकर दो करोड़ की रंगदारी मांगी थी। पूरी घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। वारदात के बाद से आरोपी फरार था। बाद में दिल्ली पुलिस ने संजीत बिदरो और क्रांति गैंग के सरगना राजेश कंडेला का एनकाउंटर कर दिया।
चार दिनों में बवाना गैंग की तीसरी बड़ी वारदात
- 26 अगस्त को अंबाला कोविड सेंटर से फरार गैंगस्टर के शूटर लक्की ने रोहतक में व्यापारी नेता के चचेरे भाई फल विक्रेता को रंजिशन गोली मारी।
- 27 अगस्त को जींद रोड पर 16 गोलियां मार कर दूधिये की हत्या मामले में पुलिस जांच में बवाना गैंग के शूटर का नाम सामने आया है।
- 29 अगस्त की रात को एक निजी स्कूल संचालक से गिरोह के गुर्गे ने फोन पर 50 लाख की फिरौती मांगी।
सेक्टर-दो निवासी एक स्कूल संचालक से गैंगस्टर नीरज बवाना के गुर्गों ने फोन पर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी है। रुपये न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। इस संबंध में केस दर्ज कर लिया गया है। स्कूल संचालक की सुरक्षा में कर्मचारी तैनात कर दिए हैं। सीआईए की यूनिट आरोपी तक पहुंचने के प्रयास में लगी हुई है। जल्द मामले की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।
- गोरखपाल राणा, डीएसपी मुख्यालय।