हरियाणा के नारनौल में जयपुर स्टेट हाईवे पर गांव मोहनपुर (नांगल चौधरी) के पास बुधवार सुबह तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से दो प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के गांव खरदोती निवासी कनछेदीलाल (31) और गांव दरी (मध्यप्रदेश) निवासी झंडू (29) दो सप्ताह से गांव मोहनपुर में किराए पर रहकर राजमिस्त्री का काम कर रहे थे।
बुधवार सुबह सात बजे कनछेदीलाल और झंडू शौच के लिए गांव के पास से गुजर रहे जयपुर स्टेट हाईवे की दूसरी तरफ गए थे। वापस लौटते समय दोनों वाहन की चपेट में आ गए।
हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों को नांगल चौधरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया।
यहां से उन्हें नारनौल रेफर कर दिया गया लेकिन नारनौल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।