महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में सोमवार को भौतिकी विषय पर केंद्रित दो सप्ताह के रिफ्रेशर कोर्स की शुरुआत हुई। 21 फरवरी तक मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र (यूजीसी-एमएमटीटीसी) की ओर से भौतिकी एवं खगोल भौतिकी विभाग के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
उद्घाटन सत्र में आईआईएसईआर मोहाली के प्रो. अरविंद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सत्र की अध्यक्षता हकेंवि के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने की।
प्रो. टंकेश्वर कुमार ने भौतिकी के ऐतिहासिक विकास के लिए शिक्षण पद्धतियों में नवाचार व बेहतर शैक्षणिक दृष्टिकोण की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्य वक्ता प्रो. अरविंद ने द थर्ड क्वांटम रिवोल्यूशनः लेसन्स फॉर टीचिंग क्वांटम फिजिक्स पर अपने उद्बोधन में क्वांटम विज्ञान के ऐतिहासिक विकास व क्वांटम कंप्यूटिंग की प्रगति पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने क्वांटम प्रौद्योगिकियों की वैश्विक प्रासंगिकता को रेखांकित करते हुए विश्वविद्यालय को इस क्षेत्र में अनुसंधान को बढ़ावा देने का सुझाव दिया। भौतिकी शिक्षण में अवधारणात्मक स्पष्टता और अंतःविषय दृष्टिकोण के महत्व पर बल दिया।
कार्यक्रम समन्वयक प्रो. सुनीता श्रीवास्तव ने कोर्स की शैक्षणिक रूपरेखा, संरचना एवं अपेक्षित परिणामों की जानकारी दी। प्रो. अंकुश विज ने मुख्य अतिथि प्रो. अरविंद का परिचय देते हुए उनके शैक्षणिक योगदानों को रेखांकित किया।
उद्घाटन सत्र के अंत में रिफ्रेशर कोर्स के समन्वयक डॉ. राकेश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उद्घाटन सत्र में प्रो. पवन कुमार मौर्य, प्रो. सुरेंद्र सिंह, हकेंवि में यूजीसी-एमएमटीटीसी की उपनिदेशक डॉ. तनु गुप्ता, प्रो. अबीर डे सरकार, प्रो. एके यादव, प्रो. हरीश कुमार, प्रो. विनोद कुमार, डॉ. जसवंत कुमार, डॉ. अंशु, डॉ. मीनू ठाकुर, डॉ. रामावतार मौजूद रहे।