सांपला। जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। परिजनों ने वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पहला हादसा थाना सांपला क्षेत्र के जम्मू-कटड़ा हाईवे पर हुआ। यहां पर कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौत हो गई। दूसरी घटना महम थानाक्षेत्र में हुई है। यहां पर एक वाहन ने अधेड़ व्यक्ति को टक्कर मार दी। अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया।
हसनगढ़ निवासी पीड़ित प्रवेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके ताऊ का बेटे पवन फर्रुखनगर की एक कंपनी में काम करता था। 30 नवंबर की शाम को वह कंपनी से घर के लिए बाइक पर आ रहा था। पवन के साथ उसका दोस्त योगेश भी था। जब हसनगढ़ के पास जम्मू-कटड़ा हाईवे से गांव के लिए संपर्क मार्ग पर उतर रहे थे तो एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें पवन को गंभीर चोट आई, जबकि योगेश घायल हो गया। पवन को पीजीआईएमएस में भर्ती कराया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पीड़ित की ओर से कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
वहीं, दूसरा हादसा महम थानाक्षेत्र में हुआ। एक वाहन की टक्कर से व्यक्ति की मौत हो गई। उसे घायल अवस्था में रोहतक के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया थ। जहां पर इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान महम के भैणी चंद्रपाल गांव निवासी रोहताश के रूप में हुई। घटना की जानकारी पाकर बेटा पवन मौके पर पहुंचा। वाहन चालक के खिलाफ थाने में केस दर्ज कराया है।
घर से किशोरी लापता
रोहतक। थाना बहुअकबरपुर क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। पीड़ित पिता ने एक युवक पर शक जताकर केस दर्ज कराया है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित पिता ने बताया कि 29 नवंबर की सुबह 10 बजे उनकी नाबालिग बेटी घर पर थी और कुछ ही देर बाद देखा तो वह नहीं मिली। उनको उम्मीद है कि एक युवक से वह फोन पर बात करते हुए पाई थी। आशंका है कि वही युवक उसे जबरन लेकर गया है।