रोहतक। तीन दिन में राहगीरों को पीछे से दबोचकर लूटपाट करने के आरोप में पुलिस ने माता दरवाजा के नजदीक शोरा कोठी निवासी मोहित व बाबरा मोहल्ला निवासी रितिक उर्फ सफेदा को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को उन्हें अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया। खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने 25 व 28 जनवरी को दो वारदात अंजाम दी हैं। आरोपी नशा करने के आदी हैं।
सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि डेयरी मोहल्ला निवासी ओंकार ने शिकायत दी थी कि 24 जनवरी को वह रात करीब साढ़े 9 बजे टिकाणा साहिब गुरुद्वारा के साथ वाली गली में स्थित डेयरी की तरफ जा रहा था। तभी दो युवक पीछे से आए व ओंकार की गर्दन दबा दी। दूसरे युवक ने ओंकार का मोबाइल फोन व पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गये। पर्स में करीब 8 हजार रुपये, डेबिट कार्ड, अन्य कागजात मौजूद थे। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। तीन दिन बाद 27 जनवरी की रात को एक युवक शौरी मार्केट से गुजर रहा था। उसके साथ भी दो युवकों ने उसी अंदाज में वारदात अंजाम दी। इस संबंध में भी सिटी थाने में केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकाॅर्ड रहा है। आरोपियों के खिलाफ चोरी व स्नैचिंग के केस पहले से दर्ज हैं।