झज्जर। जिले में पिछले 48 घंटे में दो मर्डर और एक को गोली मारकर घायल करने की घटनाएं हो चुकी हैं। सभी घटनाओं में अभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस ने अनुज हत्याकांड में सात टीमों का गठन किया है, जबकि सुलौधा में सिपाही राजपाल की हत्या के मामले में पांच टीमें गठित की है। ये टीमें छापेमारी कर रही हैं। आरोपियों के जहां होने की संभावनाएं हैं, वहां पुलिस रेड कर रही है।
दो दिन पहले हुए अनुज हत्याकांड में अब तक हत्या की वजह सामने नहीं आई है। परिवार ने भी हत्या किए जाने को लेकर किसी रंजिश होने से पुलिस को इंकार किया है। फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। अनुज की हत्या के मामले में पुलिस ने सात टीमों का गठन किया है, इसमें चार टीमें सीआईए की हैं। वहीं राजपाल हत्याकांड मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। जल्द ही सभी आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार करने का दावा कर रही हैं।
कार्यालय में आकर दिया था वारदात को अंजाम
वीरवार रात को बहादुरगढ़ रोड पर पंजाबी रसोई के सामने अपने कार्यालय में दोस्तों संग बैठे अनुज की तीन नकाबपोश युवकों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर बहादुरगढ़ की तरफ फरार हो गए थे। आरोपियों के कार्यालय में घुसने की वारदात सीसीटीवी में भी कैद हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने पिता की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया हुआ है।