रोहतक। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय 18-19 मार्च को कृषि मेला (खरीफ) का आयोजन करेगा। कुलपति प्रो. बीआर काम्बोज ने बताया कि इस वर्ष मेले का विषय ‘खेती में ड्रोन का महत्व’ होगा। खेती में ड्रोन का महत्व समय की मांग है। ड्रोन के द्वारा कम समय में केमिकल फर्टीलाइजर व पेस्सटीसाइड का उपयोग आसानी से किया जा सकता है। इससे कम लागत होने के साथ संसाधनों की भी बचत होगी, साथ ही उन्हें ड्रोन का उपयोग करना भी समझाया जाएगा। मेले में किसानों के साथ बीज, उर्वरक, कीटनाशक, कृषि मशीनें व यंत्र निर्माता कंपनियां भी भाग लेंगी। किसानों को विभिन्न कृषि कार्यों के लिए उपयुक्त मशीनों, यंत्रों एवं उनकी कार्य प्रणाली के बारे में जानने का अवसर मिलेगा। इसके अतिरिक्त किसानों को इन मशीनों की कीमत तथा इनके निर्माताओं की भी जानकारी मिल सकेगी।