पुलिस गिरफ्त में आरोपी सुमित, साहिल व रविन्द्र।
- फोटो : RohtakCity
रोहतक। केवलगंज में 27 नवंबर को घर में घुसकर महिला की हत्या और लूटपाट की गुत्थी पुलिस की सीआईए वन टीम ने सुलझा ली है। पुलिस ने वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी दो सगे भाइयों ने अपने साथी के साथ मिलकर पूर्व पार्टनर की मां की हत्या कर नकदी व सोने की चेन की लूट की वारदात को अंजाम दिया है। आरोपियों को शनिवार को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय गोरखपाल ने बताया कि राहुल जैन निवासी केवलगंज ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 27 नवंबर को उसकी मां सुनीता जैन की अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी है। पुलिस प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वारदात की शाम राहुल बाबरा मोहल्ला स्थित अपनी दुकान पर था और घर पर उसकी मां अकेली थी। पड़ोसी कपिल ने फोन पर सूचना दी कि उसकी मां पर अज्ञात हमलावरों ने हमला किया है और फरार हो गए हैं। राहुल ने तुरंत घर आकर देखा तो उसकी मां रसोई में पड़ी थी। जिसके गले व पेट पर तेजधार हथियार से वार किए हुए थे। परिजन सुनीता को घायलावस्था में अस्पताल लेकर गए जहां डाक्टरों ने सुनीता को मृत घोषित कर दिया। जांच करने पर पता चला कि हमलावर घर से 4 लाख रुपयों की नकदी व दो सोने की चेन भी लेकर फरार हुए हैं। पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा के निर्देशन में मामले की जांच निरीक्षक प्रवीन कुमार के नेतृत्व में सीआईए-1 स्टॉफ को सौंपी गई। जांच के दौरान 11 दिसंबर को एएसआई सुशील के नेतृत्व मे सीआईए-1 टीम ने छापामारी करते हुए वारदात को अंजाम देने के आरोप में सुमित व साहिल उर्फ गोलू निवासी नया पडाव, जनता कॉलोनी व रविंद्र उर्फ विक्की निवासी मालवीय नगर सोनीपत को गिरफ्तार किया।
---
दो भाइयों ने तीसरे साथी की मदद से दिया घटना को अंजाम
साहिल उर्फ गोलू व उसके भाई सुमित ने राहुल जैन के साथ मिलकर बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान की थी। जो थोड़े समय बाद राहुल जैन अलग हो गया। दुकान न चलने के कारण दोनों भाइयों पर काफी कर्जा हो गया। दोनों भाइयों को पता था कि राहुल के घर पर हमेशा पैसे रहते हैं और दिन के समय उसकी मां अकेली रहती है। दोनों भाइयों ने रविंद्र के साथ मिलकर हत्या व लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई। 27 नवंबर को साहिल, सुमित व रविंद्र आई-10 कार में सवार होकर शाम करीब 5 बजे राहुल के घर पहुंचे। तीनों ने मिलकर घर में अकेली रह रही सुनीता पर चाकू से वार कर घायल कर दिया। आरोपियों ने घर से करीब 4 लाख रुपये, सुनीता के गले से सोने की चेन व एक अन्य सोने की चेन चोरी की और कार में सवार होकर फरार हो गए। वारदात में घायल हुई सुनीता ने चोटों के कारण दम तोड़ दिया था।