पुलिस की गिरफ्त में गांव खिड़वाली में दीपक की हत्या करने का आरोपी अंकुश व सुमित। स्रोत : पुलिस
रोहतक। खिड़वाली गांव में सोनीपत के गांव रोहट निवासी दोस्त विकास के साथ उसकी बुआ के घर जमीन के रुपये लेने आए दीपक को पीट-पीटकर मारने वाले आरोपी अंकुश व जसिया निवासी सुमित को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लिया है। वहीं, भागे हुए आरोपियों की तलाश में तीन टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
सोनीपत के गांव रोहट निवासी विकास ने 9 सितंबर को सदर थाना पुलिस को दिए बयान में बताया था कि वह दोस्त किलोई निवासी दीपक को लेकर बुआ कांता के घर 22 लाख रुपये लेने आया था।
जब बुआ के घर पर पहुंचे तो बुआ कांता, फूफा जोगिंद्र, उनका बेटा अंकुश, अंकुश की पत्नी चीनू व 9 अन्य युवकों ने लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। इसकी सूचना उसने डायल 112 पर पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को पीजीआई में भर्ती कराया जहां 10 सितंबर को दीपक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था।
-
दोस्त विकास की बुआ के घर जमीन के रुपये लेने आए भतीजे व उसके दोस्त के साथ बुआ के परिवार सहित करीब 15 लोगों ने मारपीट कर दी थी। उपचार के दौरान दीपक की मौत हो गई थी। इसमें कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
- सुरेंद्र कुमार, सदर थाना प्रभारी