रिटौली के गैंगस्टर अंकित उर्फ बाबा के चाचा अनिल के दो हत्या आरोपी मोखरा के भूमित मलिक और मोहित वशिष्ठ दिल्ली के नरेला थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए गए हैं। हालांकि, इससे पहले ही गैंगस्टर हिमांशु उर्फ भाऊ ने दोनों को पानीपत से काबू करने की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से दी थी और एक मीडिया हाउस को इसके कुछ स्क्रीन शॉट भेजे थे।
अमेरिका में बैठे गैंगस्टर भाऊ ने बुधवार को एक मीडिया हाउस को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के कुछ स्क्रीन शॉट भेजकर आशंका व्यक्त की थी कि उनके बालकों को पानीपत से पुलिस ने उठा लिया है। अब मुठभेड़ में दो आरोपियों को दिल्ली पुलिस ने काबू किया है। दोनों ही आरोपी रिटौली के अनिल हत्याकांड में वांछित थे।