रोहतक। एक व्यक्ति ने महम थाने में तीन लोगों के खिलाफ ट्रक लूट करने का मामला दर्ज कराया। महम पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित को ही प्रताड़ित करना शुरु कर दिया। इस पर पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। पुलिस अधीक्षक ने महम पुलिस को सख्त लहजे में स्पष्ट जांच करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट भी दर्ज कराई है।
हिसार के नारनौद निवासी पीड़ित कृष्ण ने बताया कि वह ट्रक चलाता था। उसके पिता ने खरकड़ा निवासी दिलदार से अशोक लेलैंड ट्रक को 1.10 लाख रुपये देकर खरीदा था जबकि ट्रक की 25 किस्तें भी दी गई है। ट्रक झज्जर के ढाकला निवासी नरदीप के नाम था और इसे आपसी तालमेल से दीपक और उसके पिता दिलदार ने उनके पिता को बेचा था। इसके बाद जब गाड़ी ले गए तो उसमें कई खराबी मिली। उन्होंने दिलदार से कहा तो उसने गाड़ी को अपने गांव खरकड़ा बुला लिया। वहां पर वह अपने भाई अजय के साथ पहुंचा तो देखा कि नरदीप भी वहीं पर था। आरोपियों ने कहा कि गाड़ी छोड़ जाओ उसे ठीक करा दिया जाएगा। दोनों भाइयों ने कहा कि वह गाड़ी को आज ही ठीक कराकर ले जाएंगे। इस पर दिलदार और उसके बेटे दीपक व नरदीप ने उनके साथ मारपीट की और जबरन गाड़ी की चाबी छीन ली। दोनों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। इसके बाद मामला महम थाने में दर्ज कराया गया। जिस पर पुलिस ने उसे ही परेशान करना शुरू कर दिया। अब पुलिस अधीक्षक की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।