लाखन माजरा अनाज मंडी के पास ट्रक के नीचे आए गायों के बछड़े। स्रोत: विडियोग्रैब
रोहतक। जींद रोड पर सोमवार शाम को पंजाब की तरफ जा रहा ट्रक राजस्थान के चरवाहों के गोवंश के झुंड में घुस गया। कुचलने जाने से 11 बछड़ों की मौत हो गई। हादसा लाखनमाजरा के पास हुआ है। पुलिस ने बछड़ों के शव कब्जे में लेकर ट्रक चालक को काबू कर लिया है।
राजस्थान के चरवाहे हर साल की तरह गेहूं की कटाई के बाद गर्मी के सीजन में गोवंश के झुंड लेकर हरियाणा में आते हैं। करीब एक हजार गायों का झुंड लाखनमाजरा आया हुआ। शाम 5 बजे चरवाहे गोवंशों को तालाब में पानी पिलाकर सड़क पर लेकर आए थे। बछड़ों को गायों से अलग कर रखा था। जैसे ही बछड़ों का झुंड सड़क पर आया, तभी लाखनमाजरा अनाज मंडी के पास रोहतक की तरफ से जींद की ओर जा रहा पंजाब नंबर का ट्रक मोड़ पर अनियंत्रित होकर बछड़ों के झुंड में घुस गया। टायरों के नीचे आने से 11 बछड़ों ने मौके पर दम तोड़ दिया।
वर्जन
ट्रक की टक्कर में राजस्थान के चरवाहों के 11 बछड़ों की मौत हुई है। ट्रक चालक को काबू कर लिया है। शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
- इंस्पेक्टर समरजीत सिंह, प्रभारी थाना लाखनमाजरा