बहादुरगढ़ बाईपास के नया गांव चौक पर एक ट्रक चालक ने लापरवाही व तेज गति से वाहन चलाते हुए खड़ी कार में टक्कर मार दी। इससे कार के टायर चेक कर रहे चालक की मौत हो गई। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में भिजवाया। शव का पोस्टमार्टम कराकर वारिसों को सौंप दिया है। थाना सदर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में दलबीर सिंह निवासी कलानौर ने बताया कि रविवार की सुबह छह बजे वह और उसी के गांव का सुरेंद्र अपने गांव के ही बलवान की गाड़ी को किराए पर लेकर अपनी लड़कियों को लेने के लिए मिरिंडा कॉलेज दिल्ली गए थे। वापसी में नया गांव के फ्लाईओवर के पास दोपहर ढाई बजे पहुंचे और पानी पीने के लिए रूके। गाड़ी को साइड में लगाकर पानी पीने लगे। बलवान गाड़ी के टायर चेक करने लगा। इसी दौरान दिल्ली की तरफ से आए एक ट्रक चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए गाड़ी में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही गाड़ी बलवान सड़क पर गिर गया और ट्रक चालक उसे कुचलता हुआ आगे निकल गया। उसे तुरंत शहर के नागरिक अस्पताल में ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।