एमडीयू में बॉयज हास्टल के बाहर प्रदर्शन करते छात्र।
रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के हॉस्टल नंबर 6 में हॉस्टल के पिछले सत्र के दौरान हुए 10 लाख से भी ज्यादा के घोटाले के कारण लगातार हॉस्टल की मेस बंद कर रखी है। इसी के विरोध में विद्यार्थियों ने हाॅस्टल के मुख्य गेट पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। जबकि विश्वविद्यालय के अंदर नए दाखिले की प्रक्रिया भी हो चुकी है।
अमित पिलाना ने बताया कि विश्वविद्यालय में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को हॉस्टल की बढ़ी हुई फीसों के साथ दाखिला भी दे दिया गया है। दाखिला हुए बहुत दिन हो चुके हैं लेकिन हॉस्टल मेस में हुए बड़े घोटाले के कारण अभी तक हॉस्टल के विद्यार्थियों को हॉस्टल की मैस में खाना नसीब नहीं हुआ है। हॉस्टल विद्यार्थी दूसरे हॉस्टलों के साथ-साथ बाहर का खाना खाने लिए मजबूर हो रहे हैं। इसके साथ-साथ दूसरे हॉस्टल में मिलने वाले खाने की कीमत को भी दूसरे हॉस्टलों ने बहुत ज्यादा महंगा कर दिया है। जो इन विद्यार्थियों के लिए महंगा और असुविधाजनक भी है। क्योंकि खाना खाने के लिए विद्यार्थियों को हॉस्टल से बाहर जाना पड़ता है।
हॉस्टल के एडिशनल चीफ वार्डन दिलीप सिंह विरोध प्रदर्शन के बीच पहुंचे। जिसमें सभी छात्रों ने कहा कि हॉस्टल मेस में हुए घोटाले का हम विद्यार्थियों के ऊपर क्यों बोझ डाला जा रहा है। जबकि हमने तो समय पर विश्वविद्यालय प्रशासन के द्वारा हॉस्टल की बढ़ी हुई चीजों के साथ दाखिला लिया है। अमित पिलाना ने एसएफआई मदवि की ओर से बात रखते हुए कहा कि हॉस्टल में हुए 10 लाख के घोटाले ऊपर प्रशासन की ओर से कमेटी बैठाई जाए और इस पूरे मामले की जांच अच्छे से की जाए और जल्द से जल्द हॉस्टल के अंदर विद्यार्थियों के लिए मैस को सुचारू रूप से खुलवाया जाए। जब तक हॉस्टल के अंदर खाने की व्यवस्था सुचारू रूप से नहीं होती तब तक अन्य हॉस्टलों के अंदर विद्यार्थियों को सो रुपए की कूपन राशि के साथ खाना दिया जाए। चीफ वार्डन डॉ. दिलीप सिंह ने विद्यार्थियों की समस्या को सुनने के बाद कहा कि हॉस्टल नंबर 6 की मेस अगले महीने की 1 सितंबर से सुचारू रूप शुरू हो जाएगी। तब तक हॉस्टल के विद्यार्थी दूसरे हॉस्टल्स के अंदर 100 रुपये डाइट के साथ खाना खा सकते हैं।इस मौके पर सभी हॉस्टल्स के विद्यार्थी शामिल हुए।