बहादुरगढ़। वीरवार को प्रतिबंध के बावजूद दिवाली पर्व पर आतिशबाजी का दौर अंधेरा होते ही शुरू हो गया था। न तो प्रशासन की ओर से इस तरफ कोई ध्यान दिया गया और न ही लोगों ने हवा खराब करने में कोई कसर छोड़ी। वीरवार की सुबह एक्यूआई 290 ऑरेंज जोन में रहा। दोपहर बाद यह कम होते हुए 274 पर आया। 24 घंटे में बहादुरगढ़ का एक्यूआई 172 से बढ़कर 274 पहुंच गया।
वीरवार को रात और शुक्रवार शाम को आतिशबाजी हुई और हवा में प्रदूषण रहा। हालांकि शुक्रवार को हवा चलने और तेज धूप खिलने से प्रदूषण का स्तर मामूली कम हुआ। प्रदूषण विभाग के अनुसार दिवाली की आतिशबाजी का असर अगले कई दिन तक रह सकता है। शहरी क्षेत्र की अनेक कॉलोनियों में आधी रात के बाद तक आतिशबाजी हुई। हवा में प्रदूषण अधिक होने के कारण लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ीं। नागरिक अस्पताल के फिजिशियन डॉ. सुंदरम ने कहा कि दमा आदि बीमारियों से पीड़ित लोगों को बढ़ते प्रदूषण से परेशानी हुई। पर्यावरण प्रेमी प्रदीप कुमार ने कहा कि आतिशबाजी तो एक ऐसा शौक है जो न सिर्फ दूसरों के लिए बल्कि ऐसा करने वालों के लिए भी नुकसानदायक है।
वर्जन...
दिवाली पर आतिशबाजी के बाद प्रदूषण का स्तर बढ़ा है। इसका असर अभी देखने को नहीं मिलेगा। आने वाले दो-तीन दिनों बाद इसका पता चलेगा। यदि हवा चलती है तो प्रदूषण का स्तर कम होगा।
- अमित दहिया, एसडीओ, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड बहादुरगढ़।