रोहतक। मानसरोवर पार्क स्थित बुधवार को युद्ध स्मारक पर कमांडो सूबेदार मेजर रामनिवास ने सेना मेडल के साथ शहीदों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुंबई में 26 नवंबर 2008 को आतंकवादियाें ने आत्मघाती हमला कर विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में निर्दोष लोगों की हत्या की थी।
जुलाना स्थित गांव देशखेड़ा निवासी पैरा कमांडो रामनिवास (सेना मेडल) ने कहा कि महाराष्ट्र पुलिस की सहायता के लिए सरकार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एनएसजी कमांडो और आर्मी पैरा कमांडो को वहां पर ऑपरेशन के लिए उतारा था। इसका नाम ऑपरेशन टोरेन्डो रखा गया। इसमें पैरा कमांडो के रूप में मुझे भी मौका मिला। हेलीकॉप्टर से उतरने वाले बहादुर सैनिकों ने ग्रेनेड फायर कर कई आतंकवादियों को मार गिराया। इस ऑपरेशन में विजय हासिल करने के लिए कमांडो ने अपनी जान हथेली पर रखकर आतंकवादियों को ढूंढ-ढूंढ कर मारा गिराया।
ऑपरेशन में कई कमांडो शहीद हुए। कमांडो सूबेदार मेजर को इस वीरता के लिए सेना मेडल से सम्मानित किया गया। इस माैके पर कैप्टन जगबीर मलिक, प्रवक्ता हरियाणा पूर्व सैनिक संघ, सूबेदार मेजर सुरेंद्र मलिक, सूबेदार जीत पाल राठी, सूबेदार चंद्रपाल सिंह, हवलदार धर्मपाल सिंह, हवलदार नरेंद्र सिंह, डब्ल्यू ओ मोर, प्रिंसिपल हेमचंद्र मलिक समेत अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे।