11 गोहाना-पानीपत रेलवे एलिवेटेड पुल के साथ पेड़ों के कारण नौ माह से बंद पड़ा सड़क निर्माण कार्
रोहतक। रेलवे एलिवेटेड पुल के साथ में पेड़ होने से लोक निर्माण विभाग का सड़क निर्माण कार्य 9 माह से अधर में अटका हुआ है। पीडब्ल्यूडी को रेलवे एलिवेटेड पुल के साथ बजरंग भवन से सोनीपत रोड तक पेड़ हटाने स्वीकृति वन विभाग से नहीं मिली है।
शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए पीडब्ल्यूडी की ओर से करीब 18 करोड़ रुपये की लागत से सड़क बनाने की परियोजना चल रही है। विभाग की ओर से गोहाना-पानीपत रेलवे एलिवेटेड पुल के साथ चिन्योट कॉलोनी अंडरपास से लेकर सेक्टर पांच तक करीब 4 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया गया है।
दिसंबर में पुरानी पटरियों को खोदकर सड़क बनाने का काम शुरू किया जा चुका है। चिन्योट कॉलोनी डबल फाटक से बजरंग भवन तक मई में सड़क बनवा दी गई थी लेकिन बजरंग भवन से सेक्टर पांच तक सड़क निर्माण का काम नहीं हो पा रहा है।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इसकी वजह बजरंग भवन फाटक से सोनीपत रोड की ओर सड़क के बीच आ रहे 70 पेड़ हैं। उनका कहना है कि पेड़ों को हटाने लिए वन विभाग के मुख्यालय में फाइल भेजी गई है। स्वीकृति मिलने के बाद सड़क बनाई जाएगी।
अधिकारियों ने दावा किया है कि एलिवेटेड पुल के साथ सोनीपत रोड से सेक्टर 5 की ओर कर्मचारी काम पर लगे हुए हैं। सेक्टर छह के पास अंडरपास का निर्माण भी चल रहा है जबकि नगर निगम की ओर से भी डी पार्क की ओर से चिन्योट कॉलोनी डबल फाटक तक करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत से 1.8 किलोमीटर सड़क बनाने का काम शुरू कर दिया गया है।
वर्जन
पेड़ों को हटाने के लिए वन विभाग के मुख्यालय में फाइल भेजी गई है। उम्मीद है कि अगले सप्ताह वन विभाग से स्वीकृति मिली जाएगी। दिसंबर तक सड़क का निर्माण करवा दिया जाएगा। -सोनू फोगाट, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी। संवाद